
चंदौली। जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल 111.900 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। इस दौरान एक महिला समेत कुल पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। तस्कर छत्तीसगढ़ से सस्ता गांजा लाकर बनारस और मिर्जापुर में बिक्री करते थे। बरामद गांजा की कीमत लगभग 30 लाख बताई जा रही है।
एसपी ने बताया कि पहली कार्रवाई बबुरी पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से की। सोमवार को अशोक इंटर कॉलेज के पास संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान चकिया की ओर से आ रही एक पिकअप वाहन (CG10C3922) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में रखे कार्टूनों के नीचे चार प्लास्टिक बोरियों में पैक कुल 103.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस मामले में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ निवासी शत्रुघन चौहान और शिवप्रधान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे छत्तीसगढ़ से सस्ते दाम पर गांजा लाकर मिर्जापुर और वाराणसी में ऊंचे दाम पर बेचते थे। इस संबंध में थाना बबुरी में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दूसरी कार्रवाई थाना मुगलसराय पुलिस ने वाराणसी-मुगलसराय जीटी रोड पर की। ग्राम डांडी स्थित मेडविन हॉस्पिटल के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध अर्टिगा कार (MH01BY2330) को रोका गया। वाहन सवार तीन लोग भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास से 8.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों में प्रतापगढ़ निवासी हेमंत कुमार सरोज, बिहार के बक्सर निवासी राहुल तिवारी और गया निवासी मंजू देवी शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर वाराणसी क्षेत्र में छोटे-छोटे हिस्सों में बेचते थे, जिससे उन्हें अधिक मुनाफा होता था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता के लिए टीमों की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि जनपद में मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

