
चंदौली। पीडीडीयू नगर स्थित किड्स कॉर्नर स्कूल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार मामला स्कूल की मान्यता से जुड़ा है, जिसे लेकर अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्कूल परिसर के बाहर “मान्यता प्राप्त नहीं है” लिखे जाने के बाद अभिभावकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
अभिभावकों का कहना है कि स्कूल की मान्यता न होने के कारण उनके बच्चों का शैक्षिक भविष्य खतरे में पड़ गया है। जब वे अपने बच्चों का दाखिला अन्य स्कूलों, खासकर रेलवे स्कूल में कराने पहुंचे, तो उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान बच्चों का PEN (Permanent Education Number) और APAAR ID मांगी गई, जो किड्स कॉर्नर स्कूल द्वारा उपलब्ध नहीं कराई गई थी।
अभिभावक प्रीति त्रिपाठी ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार के बच्चे का दाखिला रेलवे स्कूल में कराने गई थीं, लेकिन आवश्यक दस्तावेज न होने के कारण स्कूल प्रशासन ने फॉर्म तक स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि स्कूल की मान्यता न होने की वजह से बच्चों का PEN नंबर और APAAR ID नहीं बन पा रहा है, जिससे आगे की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इसी तरह, नरगिस सुल्ताना ने भी अपनी बेटी के दाखिले में आ रही परेशानियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने किड्स कॉर्नर स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की है, लेकिन जरूरी आईडी न होने के कारण अब उसे दूसरे स्कूल में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। अभिभावकों के अनुसार, इन दस्तावेजों के बिना बच्चों की शैक्षिक पहचान अधूरी रह जाती है, जिससे परीक्षा पंजीकरण और स्कूल परिवर्तन में गंभीर बाधाएं उत्पन्न होती हैं।
प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि उनके बच्चों का तत्काल वैकल्पिक स्कूलों में दाखिला सुनिश्चित किया जाए, साथ ही सभी छात्रों के लिए PEN नंबर और APAAR ID जारी कराई जाए। इसके अलावा, उन्होंने किड्स कॉर्नर स्कूल की मान्यता की स्थिति स्पष्ट करने और दोषी प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की है।
रेलवे स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को भरोसा दिलाया है कि प्रवेश संबंधी समस्या का समाधान निकाला जाएगा, हालांकि आईडी से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए समय मांगा गया है। वहीं, किड्स कॉर्नर स्कूल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

