
चंदौली। बाबा कीनाराम जन्मोत्सव समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 10 से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाले समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें मंदिर प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए।

डीएम ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही अग्निशमन वाहन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन स्थल पर किसी भी तरह की अव्यवस्था न होने पाए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बारिश के मौसम को देखते हुए झूलों की सुरक्षा को लेकर भी डीएम ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में झूलों का संचालन बिना विधिवत जांच के किसी भी स्थिति में नहीं किया जाए। सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

शांति एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने संबंधित क्षेत्राधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समारोह के दौरान भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए प्रभावी रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी पारितोष मिश्रा सहित मंदिर प्रशासन के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

