ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: शौचालय निर्माण में धीमी प्रगति पर सीडीओ सख्त, तीन एडीओ (पंचायत) का जुलाई का वेतन रोका

चंदौली। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर. जगत साईं ने सख्त रुख अपनाया है। खराब प्रदर्शन पर नाराजगी जताते हुए तीन विकास खंडों के सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) का जुलाई 2026 का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

 

जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत व्यक्तिगत शौचालयों की ऑनलाइन समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले कई विकास खंडों में जियो टैगिंग की प्रगति बेहद धीमी है, जिससे जनपद की समग्र प्रगति प्रभावित हो रही है।

 

समीक्षा के अनुसार, विकास खंड चहनियां में 1098 शौचालयों के लक्ष्य के सापेक्ष केवल 132 शौचालयों की ही जियो टैगिंग की गई। इसी प्रकार विकास खंड नौगढ़ में 519 के लक्ष्य के मुकाबले मात्र 62 तथा विकास खंड नियामताबाद में 1062 के लक्ष्य के सापेक्ष केवल 93 शौचालयों की जियो टैगिंग दर्ज की गई। अधिकारियों ने इसे अत्यंत असंतोषजनक और लापरवाहीपूर्ण प्रदर्शन माना है।

 

जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को पहले ही मुख्य विकास अधिकारी के अनुमोदन से अंतिम चेतावनी जारी की जा चुकी थी। उन्हें निर्देश दिया गया था कि जुलाई 2026 के अंत तक निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कम से कम 35 प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

 

मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर चहनियां, नौगढ़ और नियामताबाद के सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) का जुलाई 2026 का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। साथ ही उन्हें पुनः निर्देशित किया गया है कि माह के अंत तक हर हाल में 35 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करें।

Back to top button
error: Content is protected !!