ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: फार्मर रजिस्ट्री के बिना भी किसान क्रय केंद्रों पर बेच सकेंगे गेहूं, कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

नवीन मंडी में गेहूं खरीद का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को नवीन मंडी परिसर में गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर गेहूं खरीद की प्रक्रिया देखी। वहीं किसानों से बातकर जानकारी ली। डीएम ने बताया कि किसान बिना फार्मर रजिस्ट्री के भी अपना गेहूं क्रय केंद्रों पर बिक्री कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बारी-बारी से सभी क्रय केंद्रों की पड़ताल की। केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में कांटा, बोरी, नमी मापक यंत्र व अन्य संसाधन मिले। केंद्र प्रभारियों को पारदर्शी तरीके से गेहूं खरीद का निर्देश दिया। चेताया कि बेवजह किसानों को बार-बार दौड़ाने की शिकायत मिली तो केंद्र प्रभारी पर कार्रवाई होगी।

जिलाधिकारी ने केंद्रों पर निरीक्षण पंजिका, शिकायत पंजीकरण रजिस्टर व अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि रजिस्ट्रेशन के अनुसार ही नंबर लगाकर किसानों के गेहूं की तौल कराई जाए। इसमें किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। कहा गेहूं की सरकारी खरीद ई-पॉस मशीन के माध्यम से ही की जाए ताकि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और बिचौलियों की भूमिका न हो, किसानों का इसका सीधा लाभ मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गेहूं खरीद पर फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता हटा दिया है ताकि किसान अपना अधिक से अधिक गेहूं सरकारी केंद्र पर बेच सकेंगे। किसानों से अपील किया कि गेहूं क्रय अवधि 15 जून तक निर्धारित है। केंद्र प्रतिदिन सुबह 9 बजे से सायं 6 बजे तक संचालित हो रहे है। गेहूं खरीद का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी को जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया ताकि सभी एजेंसी से प्रतिदिन बोरे की उपलब्धता, भुगतान व अन्य तकनीकी समस्याओं की जानकारी व किसी जगह पर उत्पन्न समस्या का समय से समाधान किया जा सकें।
केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक खरीद केंद्र पर बैनर अनिवार्य रूप से हो। इस पर गेहूं खरीद का मूल्य, केंद्र प्रभारी का नाम, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, एसडीएम का नाम व मोबाइल नंबर और खरीद के मानक प्रदर्शित किया जाए।
उन्होंने गेहूं खरीद प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, समयबद्ध और पूरी तरह पारदर्शी रखने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान किसानों के लिए क्रय केंद्रों पर पीने के पानी (पेयजल) और बैठने के लिए छायादार व्यवस्था पाई गई।

निरीक्षण के दौरान जिला खाद विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, मंडी सचिव, क्रय केंद्रो के प्रभारी व संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!