ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पुलिस की सतर्कता से मिले सैकड़ों गुम मोबाइल, उत्कृष्ट कार्य पर पुलिसकर्मियों को मिला प्रशस्ति पत्र

चंदौली। नागरिकों की गुमशुदा और खोई हुई बहुमूल्य संपत्ति की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में चन्दौली पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल से प्राप्त ट्रेसबिलिटी रिपोर्ट के नियमित अनुश्रवण और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर विभिन्न थानों, सर्विलांस सेल तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने गुम मोबाइलों की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक चन्दौली ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

 

पुलिस के अनुसार 1 जनवरी से 6 सितंबर 2026 तक CEIR पोर्टल पर प्राप्त रिपोर्ट का लगातार विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर पुलिस टीमों ने तकनीकी दक्षता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को विधिक प्रक्रिया के तहत सुपुर्द किया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से आमजन को उनकी बहुमूल्य संपत्ति वापस मिलने के साथ ही पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों में थाना चकिया के कांस्टेबल विमलेश कुमार मौर्या और सत्येंद्र राम ने 120 प्रकरणों में से 114 मोबाइल बरामद कराने में सफलता हासिल की। वहीं मुगलसराय थाने के कांस्टेबल महिपाल, गंगेश त्रिपाठी और राकेश यादव ने 284 प्रकरणों में से 159-159 मोबाइल बरामद कराए। सर्विलांस सेल के कांस्टेबल संदीप कुमार ने 471 प्रकरणों में से 337 मोबाइल बरामद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। थाना सैयदराजा के कांस्टेबल बृजेश चौहान और कांस्टेबल आशीष शर्मा ने 67 प्रकरणों में से 64-64 मोबाइल बरामद कराए।

 

इसी क्रम में अलीनगर क्षेत्र में 2 सितंबर 2026 को कांस्टेबल सतेन्द्र यादव और कांस्टेबल धीरेन्द्र यादव ने स्टेट हाईवे पर ग्राम बरहुली (जंसो की मड़ई) निवासी आयुषी राज का गिरा स्मार्टफोन बरामद किया। मोबाइल में महत्वपूर्ण दस्तावेज और निजी डेटा होने के बावजूद दोनों पुलिसकर्मियों ने सजगता दिखाते हुए उसे सुरक्षित कब्जे में लिया और वास्तविक स्वामिनी को तत्काल सुपुर्द कर दिया। इस कार्य के लिए दोनों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि पुलिसकर्मी आगे भी इसी लगन और तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!