
चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आंगनबाड़ी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसका सजीव प्रसारण चंदौली समेत प्रदेश के सभी जिलों में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के लिए कई घोषणाएं की गईं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को साड़ी की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराने, पांच लाख रुपये प्रतिवर्ष तक कैशलेस उपचार की सुविधा देने तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्री के मानदेय में चार हजार रुपये और सहायिका के मानदेय में दो हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गई।

मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सामाजिक व्यवस्था की रीढ़ हैं। वे बच्चों और धात्री माताओं के पोषण की देखभाल के साथ जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और कुपोषण से मुक्ति की दिशा में उनका योगदान अतुलनीय है। सरकार आंगनबाड़ी बहनों के सशक्तीकरण और उन्हें हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि सम्मान समारोह आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के अथक प्रयासों को सम्मान देने का एक प्रयास है। जिले में कुपोषण के खिलाफ अभियान तथा शिशु-मातृ देखभाल को प्रभावी बनाने में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली कर्मियों का सम्मान अन्य कर्मचारियों को भी निष्ठा और ऊर्जा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम के दौरान 05 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई तथा स्वस्थ हो चुके सैम बच्चों के अभिभावकों को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा सकलडीहा ब्लॉक सभागार में 14, चकिया तहसील सभागार में 09, नियामताबाद ब्लॉक सभागार में 11 तथा नौगढ़ ब्लॉक सभागार में 10 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। चकिया में तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, दो बच्चों का अन्नप्राशन तथा अन्य स्थानों पर भी गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और स्वस्थ बच्चों के अभिभावकों को सम्मान प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सकलडीहा, चकिया, नियामताबाद और नौगढ़ में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

