
चंदौली। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ फसलों का बीमा कराने वाले किसानों को शासन ने राहत दी है। बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त से बढ़ाकर अब 10 सितंबर 2026 कर दी गई है। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने किसानों से समयसीमा के भीतर बीमा कराने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि चंदौली जिले के लिए एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी को नामित किया गया है। धान, मक्का, ज्वार और बाजरा समेत खरीफ फसलों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) धारक ऋणी किसानों को बीमित राशि का दो प्रतिशत प्रीमियम देना होगा। योजना में शामिल नहीं होने वाले ऋणी किसानों के लिए 24 अगस्त तक बैंक शाखा में लिखित ऑप्ट-आउट आवेदन देने की व्यवस्था थी।
फसल बीमा के तहत असफल बुवाई, मध्यावस्था क्षति, सूखा, जलभराव, भूस्खलन, ओलावृष्टि, बादल फटना और आकाशीय बिजली जैसी प्राकृतिक आपदाओं से फसल को हुए नुकसान पर जांच के बाद नियमानुसार लाभ दिया जाएगा। फसल कटाई के बाद खेत में रखी फसल को 14 दिनों के भीतर बेमौसम बारिश से नुकसान होने की स्थिति भी योजना में शामिल है।
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार जिले में अब तक 7,376 किसान 5,176.19 हेक्टेयर क्षेत्रफल का बीमा करा चुके हैं। प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति होने पर किसानों को 72 घंटे के भीतर सूचना देनी होगी। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 14447 या क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

