
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार रात करीब 10:20 बजे बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न सेवाओं और पटल का भ्रमण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं को प्रभावी और सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने ओपीडी, इमरजेंसी, नेत्र कक्ष समेत अन्य विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपचार की गुणवत्ता, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, दवाओं की आपूर्ति, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की स्थिति तथा समयबद्ध उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती एवं उपचार करा रहे मरीजों से सीधे संवाद किया। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और दवाओं की उपलब्धता के संबंध में फीडबैक लिया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी न हो और अस्पताल की सभी सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने डॉक्टरों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता पर लगातार निगरानी रखने को कहा। साथ ही अस्पताल में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने अस्पताल की कैंटीन का भी ध्यान रखते हुए मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कैंटीन में आने वाले पैकेजिंग खाद्य पदार्थों पर एक्सपायरी डेट की भी निरंतर निगरानी करने को कहा, ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।

जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और अस्पताल के सभी कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार होना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

