ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: केराडीह में पेड़ से लटका मिला बढ़ई का शव, जांच में जुटी पुलिस

चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के केराडीह गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव सड़क किनारे एक आम के पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

केराडीह निवासी बिशुन विश्वकर्मा (50 वर्ष) पुत्र सरजु विश्वकर्मा का शव सपही के पास बनकगरे रोड स्थित एक मंदिर के समीप आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। सुबह करीब 10:30 बजे राहगीरों की नजर शव पर पड़ने के बाद घटना की सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

 

बिशुन विश्वकर्मा फर्नीचर बनाने का कार्य करते थे और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। सभी बच्चे अविवाहित हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

 

घटना की सूचना मिलने पर शहाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

 

थानाध्यक्ष कृपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर संभावित पहलू की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!