ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: माइनर में झाड़ियां और पुलिया बनी जलनिकासी में बाधा, घोड़सारी में किसानों का प्रदर्शन

चंदौली। मूसलाधार बारिश के बीच शहाबगंज ब्लॉक के घोड़सारी गांव में खेत जलमग्न होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। फसलों के डूबने की आशंका के बीच किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और बाढ़ से बचाव के लिए प्रदर्शन किया। किसानों ने संबंधित विभागों पर नहर और माइनर की सफाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

 

किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने क्षेत्र के दौरे के दौरान घोड़सारी गांव पहुंचकर जलभराव की स्थिति और खेतों में प्रभावित फसलों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि लेहरा शाखा नहर से हड़ौरा गांव के उत्तर दिशा से घोड़सारी माइनर निकलती है। यह माइनर पूरब दिशा से होते हुए उत्तर में पचपरा तक जाती है। किसानों के मुताबिक वर्तमान में माइनर घास-फूस, झाड़ियों और पेड़-पौधों से पट गई है। इससे बारिश के पानी की निकासी प्रभावित हो रही है और खेतों में जलभराव बढ़ रहा है।

 

मंच के कार्यकर्ता उमाशंकर दुबे ने आरोप लगाया कि माइनर पर करीब ढाई सौ मीटर के दायरे में मनमाने तरीके से सिंगल ह्यूम पाइप की पुलिया बना दी गई है। उनका कहना है कि कम क्षमता वाली पुलिया बारिश के दौरान पानी के बहाव में बाधा बन रही है। इससे पानी आगे नहीं निकल पा रहा है और आसपास के खेतों में जमा हो रहा है। उन्होंने पुलिया को हटाकर पर्याप्त क्षमता वाली जलनिकासी व्यवस्था बनाने की मांग की।

 

संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि घोड़सारी क्षेत्र से बाढ़ और बारिश के पानी की निकासी का प्रमुख माध्यम यही माइनर है। ऐसे में इसकी नियमित सफाई और जलनिकासी क्षमता बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सिंगल ह्यूम पाइप हटाकर उसकी जगह डबल ह्यूम पाइप लगवाने की मांग की, ताकि पानी का प्रवाह बाधित न हो।

 

उन्होंने उपजिलाधिकारी चकिया, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार और एसडीओ बृजेश तिवारी से मामले का संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई की अपील की। साथ ही सिंचाई विभाग से जेसीबी लगाकर माइनर की सफाई कराने की मांग उठाई। रामअवध सिंह ने चेतावनी दी कि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो खेतों में खड़ी फसल को नुकसान हो सकता है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान पिछले वर्ष जैसी स्थिति दोबारा नहीं चाहते।

 

मंच के कार्यकर्ताओं ने बताया कि मामले की सूचना इंटेलिजेंस ब्यूरो और एलआईयू को भी दी गई है। प्रदर्शन में उमाशंकर दुबे, अनुग्रह नारायण सिंह उर्फ बंटी, प्रेम शंकर दुबे, घनश्याम बिन्द, अखिलेश तिवारी, अमलेश सिंह, सुदर्शन राम, राम ललित तिवारी, परमेश्वर दूबे, विकास दुबे समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!