
वाराणसी। वाराणसी प्रधान डाकघर में रविवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही (अप्रैल से जून 2026) के व्यवसाय की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रवर डाक अधीक्षक जय प्रकाश ने की। इसमें वाराणसी पूर्व मंडल के अंतर्गत आने वाले वाराणसी एवं चंदौली जनपद के सभी डाकघरों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी तिमाही के लिए नई रणनीति तैयार की गई।
बैठक में बचत बैंक, डाक जीवन बीमा (पीएलआई/आरपीएलआई), मेल, पार्सल, अंतरराष्ट्रीय मेल तथा आधार सेवाओं से संबंधित व्यवसाय का मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न डाकघरों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और जनसंपर्क के माध्यम से व्यवसाय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही ग्राहकों तक डाक विभाग की योजनाओं और सुविधाओं को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
इस अवसर पर 9 जुलाई 2026 को डाक जीवन बीमा निदेशालय द्वारा संचालित पीएलआई/आरपीएलआई स्पेशल ड्राइव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डाकघरों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति देकर उनके योगदान की सराहना की गई। इसी क्रम में पीडीडीयू पोस्ट ऑफिस के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव दिनेश तिवारी को डाक व्यवसाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
बैठक में आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए सभी डाकघरों में विशेष राखी लिफाफों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि बहनों द्वारा भाइयों को समय पर राखी भेजने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। अधिकारियों ने त्योहार के दौरान डाक सेवाओं को सुचारु एवं समयबद्ध बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में उपाधीक्षक जवाहरलाल शर्मा, सहायक अधीक्षक (नगर उपमंडल) विनीत कुमार सिंह तथा सहायक अधीक्षक (पीडीडीयू उपमंडल) व्यास मुनी पाठक सहित वाराणसी पूर्व मंडल के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी तिमाही के लिए व्यवसाय वृद्धि, ग्राहक सेवा में सुधार तथा डाक विभाग की योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया गया।

