
चंदौली। थाना कंदवा अंतर्गत ग्राम तेल्हरा में मारपीट और फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में संलिप्त 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी बंदूक और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।
19 अप्रैल को एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और बच्चों के विवाद को लेकर झगड़ा हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष के सुभाष पुत्र स्व. सुदामा ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। फायरिंग के दौरान छर्रे लगने से कुछ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना कंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
घटना के संबंध में वादी अभिमन्यु द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना कंदवा में मुकदमा अपराध संख्या 29/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राजीव मल्ल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी सुभाष को 19 अप्रैल को ही कंदवा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद 20 अप्रैल को तेलहरा राइस मिल के पास खेतों से अन्य 13 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी 12 बोर गन, एक खोखा कारतूस और लाठी-डंडे बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी विवाद हो चुका है, जिसके संबंध में वर्ष 2025 में भी मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में तेजी से की गई कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।

