
चंदौली। पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। चंदौली कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने दबिश देकर अभियुक्त वाराणसी के ककरमत्ता निवासी सुनील यादव को पकड़ा। वह पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह और स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाओई की। कोतवाली चंदौली पुलिस और स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर वाराणसी जनपद के थाना भेलूपुर क्षेत्र अंतर्गत ककरमत्ता भट्ठा इलाके में दबिश दी। सुनील यादव मु0अ0सं0-181/2024, धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, थाना सैयदराजा जनपद चंदौली के मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र द्वारा 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त लंबे समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। संयुक्त टीम की सतर्कता और सटीक सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह, प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव (स्वाट टीम), हेड कांस्टेबल राणा प्रताप सिंह, अरविन्द भारद्वाज, बीजेन्द्र सिंह, रामानन्द यादव, आशुतोष सिंह तथा कांस्टेबल अरविन्द कुमार-2 और संजय पटेल शामिल रहे।

