ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : नियामताबाद में वृहद ऋण मेला, युवाओं को मिलेगा 5 लाख तक ब्याज-मुक्त ऋण

चंदौली। जनपद के विकास खंड नियामताबाद स्थित सभागार में 20 फरवरी को सुबह 11 बजे से वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (MYUVA) के अंतर्गत आयोजित हो रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है।

 

उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान ने बताया कि शिविर में कृषि एवं एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) से संबंधित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत पात्र युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त और गारंटी-फ्री ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें अपना व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

 

उन्होंने बताया कि शिविर में आवेदन करने वाले पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार लाभार्थियों को ऋण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे उद्योग, सेवा या कृषि आधारित उद्यम शुरू कर सकें। शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इससे न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि अन्य युवाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरणा मिलेगी।

 

योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समाचार पत्रों, रेडियो और टीवी चैनलों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही लाभार्थियों को सीएम युवा मोबाइल ऐप से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि आवेदन और निगरानी की प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम बन सके। प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

Back to top button
error: Content is protected !!