ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: फर्जी आधार-पैन बनाकर कराया जमीन का बैनामा, 8.45 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

चंदौली। धानापुर पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन का बैनामा कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने जमीन मालिक की फर्जी पहचान तैयार कर दो बिस्वा जमीन का बैनामा कराया और पीड़िता से 8.45 लाख रुपये हड़प लिए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार धानापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरा चेता दूबे निवासी लक्ष्मीना देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें आवासीय भूमि की आवश्यकता थी। इसी दौरान पड़ोसी गांव पुरा सीता मिश्र निवासी मनीष मिश्रा ने उन्हें घर के पास स्थित जमीन खरीदवाने का भरोसा दिया। मनीष ने दावा किया कि जमीन मालिक उसके संपर्क में है और वह आसानी से रजिस्ट्री करा देगा।

 

आरोप है कि मनीष मिश्रा ने जमीन की कीमत 8 लाख 45 हजार रुपये तय कर पीड़िता से 7.50 लाख रुपये नकद तथा 95 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त कर लिए। इसके बाद सकलडीहा तहसील में जमीन का बैनामा भी करा दिया गया। रजिस्ट्री के दौरान पीड़िता अपने पुत्र और एक गवाह को साथ लेकर गई थी।

 

कुछ समय बाद जांच-पड़ताल में खुलासा हुआ कि जमीन के वास्तविक मालिक अरशद पुत्र शम्सुद्दीन को इस पूरे सौदे की कोई जानकारी ही नहीं थी। आरोपी ने कथित रूप से फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड तैयार कर किसी अन्य व्यक्ति को जमीन मालिक बनाकर तहसील में प्रस्तुत किया और उसी के नाम पर बैनामा करा दिया। इस प्रकार आरोपी ने सुनियोजित तरीके से फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की।

 

पीड़िता की तहरीर के आधार पर धानापुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना के दौरान प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणीलाल सेन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को नरौली मोड़, धानापुर से आरोपी मनीष मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है और फर्जी दस्तावेज तैयार करने में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!