ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: कोयला लूटकांड का फरार 50 हजार का इनामी गिरफ्तार, असलहा व कारतूस बरामद, डेढ़ साल से तलाश रही थी पुलिस  

चंदौली। सैयदराजा थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वर्ष 2024 के चर्चित कोयला लदे ट्रक लूटकांड में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शहजाद अली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके साथी मसीद को भी दबोच लिया, जिसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

पुलिस के अनुसार, यह मामला 28 नवंबर 2024 का है। बिहार के डेहरी से लगभग 25 टन कोयला लादकर ट्रक संख्या BR01GF8742 सीतापुर के लिए रवाना हुआ था। ट्रक में चालक इम्तेयाज खान और खलासी राजू सिंह सवार थे। रास्ते में चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत बगही कुम्भापुर के पास ट्रक को लूट लिया गया था। घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इस मामले में पहले ही मसीद सहित तीन आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि शहजाद अली फरार चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

 

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र और प्रभारी सर्विलांस आशीष मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर एनएच-19 स्थित काले शहीद बाबा मजार के पास से दोनों आरोपितों को एक ट्रक वाहन DD01AL9764 के साथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त मसीद के पास से 0.315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस बरामदगी के आधार पर सैयदराजा थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

 

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शहजाद अली प्रतापगढ़ जिले के देल्हूपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर छितपालगढ़ का निवासी है, जबकि मसीद कुल्हीपुर गांव का रहने वाला है। दोनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदात से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!