ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली पुलिस और ANTF की बड़ी कार्रवाई, 31 लाख की हेरोइन के साथ शातिर तस्कर को पकड़ा

चंदौली। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) वाराणसी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में 253 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया गया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 31.62 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में बलुआ पुलिस और ANTF वाराणसी की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में हेरोइन लेकर ग्राम टाण्डाकला के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने अंग्रेजी शराब की दुकान से करीब 50 मीटर आगे घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

 

पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने पर आरोपी ने शोर मचाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने संयम बरतते हुए नियमानुसार नायब तहसीलदार दिनेश कुमार शुक्ला की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी की हाफ पैंट की कमर में छिपाई गई काली पॉलिथीन से 253 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उसके पास से 1,100 रुपये नकद भी मिले।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीश सिंह (58 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम सोनबरसा (टाण्डाकला), थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह कैथी (वाराणसी) से हेरोइन लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को मांग के अनुसार बेचता था।

 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2023, 2025 और 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क, सप्लाई चेन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।

 

Back to top button
error: Content is protected !!