
चंदौली। अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास लावारिस हालत में खड़े एक ट्रक से 720 लीटर अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई की शाम करीब पांच बजे मुखबिर से सूचना मिली कि रिंग रोड पर कोरी अंडरपास के समीप एक ट्रक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन संख्या UP74Y4726 की तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में रखी 20 बोरियों में भरे मुर्गी के दाने के नीचे छिपाकर रखी गई 36 बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों के भीतर कुल 72 पेटियों में 7200 शीशियां (720 लीटर) कोडीन युक्त कफ सिरप मिला।
बरामद कफ सिरप में 36 पेटियों में फेयरडिल न्यू (FAIRDYL NEW) तथा 36 पेटियों में एस्कफ सिरप रखा गया था। दोनों ही दवाओं में कोडीन की मौजूदगी पाई गई, जिसका अवैध उपयोग नशे के रूप में किया जाता है। मामले की सूचना पर ड्रग इंस्पेक्टर चन्द्रेश कुमार द्विवेदी को मौके पर बुलाया गया। उनके द्वारा आवश्यक परीक्षण कराते हुए दवाओं के नमूने जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे गए हैं। ट्रक के केबिन से एक फ्लीटएक्स (Fleetx) जीपीएस डिवाइस और उसमें लगी सिम भी बरामद की गई है, जिसके जरिए तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस ने ट्रक के स्वामी की पहचान फिरोजाबाद जनपद के सजेती थाना क्षेत्र के नासूपुर निवासी राहुल कुमार के रूप में की है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में फारवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है। तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान होने पर उनके विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 0458/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

