
चंदौली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को चंदौली में विरोध मार्च निकाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करते हुए नारेबाजी की। वहीं शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक मामले में कथित धांधली के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर दिल्ली पुलिस ने बल प्रयोग किया। उन्होंने दावा किया कि लाठीचार्ज में कई छात्र-छात्राएं घायल हुए तथा उनके खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए गए। अरुण द्विवेदी ने कहा कि छात्रों की आवाज उठाने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास के बाहर शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। उनका आरोप था कि इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्ष के अन्य नेताओं के साथ पुलिस द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया तथा उन्हें हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करती है और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चंदौली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध मार्च को भी पुलिस ने बलपूर्वक रोकने का प्रयास किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि पार्टी छात्रों, युवाओं और बेरोजगारों के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में कई छात्र-छात्राएं घायल हुए हैं। उन्होंने मांग की कि कथित रूप से बल प्रयोग करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की शिक्षा नीति और नीट परीक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए तथा पारदर्शी जांच और जवाबदेही की मांग की। कार्यक्रम का संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, डॉ. सुल्तान, राजेंद्र गौतम, दयाराम पटेल, मुनीर खान, शाहिद तौसीफ, चंद्रवंश यादव, कुलदीप वर्मा, नवीन पांडेय, उदय उपाध्याय, बेचन पाठक, श्रीकांत पाठक, दिलीप यादव, अमरदेव राम, प्रेमचंद गुप्ता, इंद्रजीत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

