
- 16 वाहनों का चालान, बोले- कानून तोड़ने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नहीं बरती जाएगी नरमी
- मुगलसराय औद्योगिक क्षेत्र में चलाया गया विशेष जांच अभियान
- ओवरलोडिंग, परमिट, फिटनेस, बीमा, पीयूसी व अन्य दस्तावेजों की हुई सघन जांच
- पांच ओवरलोड ट्रक सीज, विभिन्न अनियमितताओं पर 16 वाहनों का चालान
- दबाव बनाकर कार्रवाई प्रभावित करने की कोशिशों पर भी सख्त चेतावनी
- मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अभियान लगातार जारी रखने का दावा
चंदौली। जिले में नवागत एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय अभिषेक सिंह ने कार्यभार संभालते ही ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार सुबह मुगलसराय के औद्योगिक नगर क्षेत्र में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पांच ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया गया, जबकि विभिन्न अनियमितताओं के चलते 16 वाहनों का चालान किया गया।
जांच अभियान के दौरान ओवरलोडिंग के अलावा वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जिन वाहनों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि चंदौली में एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय के रूप में अभिषेक सिंह की यह पहली तैनाती है। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद शुरू किए गए इस अभियान को विभाग की सख्त कार्यशैली का संकेत माना जा रहा है। उन्होंने वाहन स्वामियों एवं ट्रांसपोर्ट संचालकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहन संचालन करने और सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन करने वालों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी, लेकिन उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अभियान के बाद औद्योगिक क्षेत्र में ओवरलोड वाहन संचालकों और ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। वहीं, सूत्रों के अनुसार कुछ ट्रांसपोर्टर और उनसे जुड़े लोग कार्रवाई को प्रभावित करने के लिए विभिन्न माध्यमों से अधिकारियों पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। विभागीय कार्रवाई शुरू होते ही अधिकारियों और कर्मचारियों पर आरोप लगाने का सिलसिला भी शुरू हो जाता है। सूत्रों का यह भी कहना है कि पूर्व में कथित सेटिंग, टीएसवाई मार्क, लोकेटर नेटवर्क और ओवरलोड ट्रकों के संचालन को लेकर चर्चाएं होती रही हैं।
इस संबंध में एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय अभिषेक सिंह ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बेबुनियाद आरोप लगाकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने या अधिकारियों पर दबाव बनाने का प्रयास करता है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप कानून के दायरे में ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

