
- डीएम ने लंबित मामलों को एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के दिए निर्देश
चंदौली। नौगढ़ तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। समाधान दिवस में कुल 99 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस के दौरान सर्वाधिक शिकायतें राजस्व, वन विभाग, विकास और पुलिस प्रशासन से संबंधित रहीं। मौके पर शिकायतों के अपेक्षाकृत कम निस्तारण को देखते हुए जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित सभी प्रार्थना पत्रों को एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो शिकायतें मौके पर निस्तारित नहीं हो सकीं, उनके संबंध में अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करें। निस्तारण की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए कि फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए दोबारा कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि राजस्व टीम के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि विवाद सहित पुलिस से जुड़ी शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्षता से समाधान करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाए।

समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी परितोष मिश्रा, उप जिलाधिकारी पवन यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत, चंद्रप्रभा, सोशल सेक्टर के अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, तहसीलदार राहुल सिंह, खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार, वन क्षेत्राधिकारी नौगढ़ मोहन सिंह समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

