ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: नहर निर्माण और सफाई कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, बोले- अंतिम छोर तक किसानों को मिले सिंचाई का पानी

चंदौली। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने और नहरों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सोमवार को नरायणपुर पम्प कैनाल नहर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का गहन परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

लौदा गांव के पास निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नहर की चौड़ाई, गहराई, साइड स्लोप तथा किनारों के ढलान का ड्राइंग के अनुरूप परीक्षण किया। उन्होंने नहर के तटबंधों की मिट्टी को मजबूती से दबाने के निर्देश दिए, ताकि पानी के दबाव के कारण कटाव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके अलावा उन्होंने नहर में चल रहे पक्की दीवार निर्माण कार्य की गुणवत्ता, मोटाई और मजबूती की भी जांच की।

जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता अनुराग सिंह को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद तकनीकी टीम द्वारा उसकी जांच कराई जाएगी। यदि कहीं भी गुणवत्ता में कमी पाई गई या अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने में लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध विभागीय जांच के साथ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग अथवा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा न करने की स्थिति में संबंधित ठेकेदारों का भुगतान रोका जाएगा, जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान ग्राम बसंतु की मढ़ई क्षेत्र में नहर के दाहिने किनारे बने डौला के कारण पक्की सड़क पर आई मिट्टी को तत्काल हटाने तथा तटबंध को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि नहरों की सफाई, ग्रेडिंग और छोटी-बड़ी सभी मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि सिंचाई व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

 

उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्ययोजना इस प्रकार बनाई जाए कि नहर के अंतिम छोर पर स्थित किसानों तक भी बिना किसी बाधा के सिंचाई का पानी पहुंच सके। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता चंद्र प्रभा, सहायक अभियंता अनुराग सिंह सहित सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!