fbpx
चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

चंदौलीः बाबू सिंह कुशवाहा ने भाईचारा सम्मेलन से किया विधान सभा चुनाव का शंखनाद, सपा से गठबंधन पर कही यह बात

संवाददाताः मुरली श्याम

चंदौली। जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को चकिया क्षेत्र के मोहम्मदाबाद में पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, जनजाति और अल्पसंख्यक भाईचारा सम्मेलन के जरिए आगामी विधान सभा चुनाव का शंखनाद कर दिया। भारी बारिश के बाद भी बड़ी संख्या में लोग उन्हें सुनने के लिए आए थे। भीड़ देख उत्साहित बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि आपकी हिस्सेदारी की बात करने के लिए आया हूं। क्योंकि जितनी जिसकी संख्या भारी उसकी उतनी हिस्सेदारी और वह हिस्सेदारी कैसे मिलेगी यह बताने आया हूं। आपका एक वोट उत्तर प्रदेश से लेकर हिंदुस्तान में परिवर्तन ला सकता है।


राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा का कार्यकर्ताओं ने चांदी का मुकुट पहनाकर फूलों के हार से स्वागत किया। बाबू सिंह ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास हो गया है कि चकिया विधानसभा की जनता हमारे साथ है। भाजपा सरकार में किसान, नौजवान, व्यापारी सभी वर्गों के लोग त्रस्त हैं। 2022 के चुनाव में दो-तीन महीने का समय और बचा है। आप अपना वोट बेकार न करें। हर समाज हर वर्ग अपना नेता चुन रहा है तो क्या मौर्य समाज, पाल समाज, प्रजापति समाज, नाई समाज, अल्पसंख्यक समाज अपना नेता नहीं चुनेगा। यदि आज अपने अधिकार के लिए नहीं लड़े तो आने वाली पीढ़ी भी आपसे पूछेगी कि आपने हमारे लिए क्या किया। कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि हम सपा से गठबंधन करने जा रहे हैं। मंत्री पद, राज्यसभा सांसद पद ऑफर किया गया है। मैं सपा से गठबंधन करूंगा लेकिन एक शर्त पर जब हमारे समाज के लोगों को भी हिस्सेदारी दोगे। अगर आप के पांच दारोगा, पांच लेखपाल और पांच डीएम बनते हैं तो हमारे समाज से भी इतने ही लोग भर्ती होने चाहिएं। मैं चलूंगा तो अपने समाज को लेकर चलूंगा, छोड़कर नहीं चल सकता। सपा, भाजपा के लोग जन अधिकार पार्टी के लोगों को तोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उनको पता है कि जन अधिकार पार्टी प्रदेश में मजबूती से आगे बढ़ रही है। हम लोगों ने मिलकर भागीदारी मोर्चा बनाया है। जिसमें ओमप्रकाश राजभर, असदुद्दीन ओवैसी, प्रेम चंद्र प्रजापति आदि कई नेता शामिल हैं। हम लोग मिलकर 2022 में सरकार बनाने जा रहे हैं। कहा बबुरी क्षेत्र में समाज की बेटी का दो महीने पहले रेप कर हत्या कर दी गई। आरोपित एमएलए और मंत्री का रिश्तेदार है। उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। वह खुलेआम घूम रहा है। यह सरकार की मानसिकता को दर्शाजा है। पूर्व प्रत्याशी रामचंद्र त्यागी ने चांदी का मुकुट व तलवार देकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर सुषमा मौर्य राष्ट्रीय महासचिव महिला विंग , नसीम खान प्रदेश सचिव , रामकृष्ण प्रजापति प्रदेश सचिव , रानी सिंह प्रदेश महासचिव महिला विंग, कन्हैया कुशवाहा प्रदेश सचिव, इंदु कुशवाहा प्रदेश सचिव महिला विंग, अनिल मौर्या ( मास्टर साहब ) जिलाध्यक्ष डॉ सुनील मौर्य, प्रदीप मौर्य , जिला सलाहकार गिरधारी मौर्या, वशिष्ठ सिंह मौर्य, राजू विश्वकर्मा, भारत बिंद, बबलू कुशवाहा, रामभजन मौर्य, मुन्ना मौर्य, भानु प्रताप मौर्य आदि मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!