
चंदौली। विकास कार्यों का शिलान्यास करने रामगढ़ आ रहे सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने निकले सपाइयों की कार्यक्रम स्थल से पहले पुलिस से झड़प हो गई।
सीओ सकलडीहा अनिरुद्ध सिंह ने सपाइयों को रोकने का प्रयास किया इसी बात पर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव और विधायक प्रभु नारायण यादव पुलिस कर्मियों से उलझ गए।
सपा विधायक प्रभु नारायण यादव और सीओ अनिरुद्ध सिंह के बीच हाथापाई भी हुई। पुलिस के व्यवहार से आक्रोशित विधायक ने सीओ का डंडा पकड़ लिया और लाठी चलाने की बात कही। हालांकि जब बात एकदम से बिगड़ने लगी तो विधायक ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास भी किया। इस दौरान विधायक ने अपने ही कुछ कार्यकर्ताओं को थप्पड़ भी रसीद कर दिए ताकि कार्यकर्ता कानून व्यवस्था को भंग ना कर सके। सपाइयों को कार्यक्रम स्थल तक जाने से रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। सपा नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पहुंचने की मांग पर अड़े हैं