ख़बरेंचंदौली

चंदौली में मनाई गई पंडित कमलापति त्रिपाठी की 120वीं जयंती, अर्पित किया श्रद्धासुमन, पदचिह्नों पर चलने का लिया संकल्प

चंदौली। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, संविधान सभा के सदस्य, मूर्धन्य पत्रकार और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं रेल मंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी की 120वीं जयंती बुधवार को चंदौली मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित समारोह में नेताओं, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम का आयोजन पंडित कमलापति त्रिपाठी स्मृति सेवा संस्थान  के तत्वावधान में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पंडित जी के प्रपौत्र और पूर्व विधायक ललितेश त्रिपाठी ने पंडित जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पंडित जी का जीवन सदैव सामाजिक मूल्यों और नैतिकता को समर्पित रहा। वे विकास के पुरुष थे और चंदौली के हर व्यक्ति से उनका गहरा लगाव था। आज भी जिले में विकास की चर्चा होती है तो उनके कार्यों का उदाहरण दिया जाता है।

 

विशिष्ट अतिथि और समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने भी पंडित जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि चंदौली का विकास तभी संभव है जब हम पंडित जी के दिखाए मार्ग पर चलें। पंडित कमलापति त्रिपाठी  स्मृति सेवा संस्थान के संयोजक श्री धर्मेन्द्र तिवारी ने कहा कि चंदौली का हर कोना पंडित जी का ऋणी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, नहर, विद्युत, बांध, इंटर कॉलेज, पॉलिटेक्निक और अस्पताल जैसे तमाम विकास कार्य पंडित जी के दूरदर्शी प्रयासों का परिणाम हैं। खेती के क्षेत्र में उनके योगदान की वजह से ही चंदौली को धान का कटोरा कहा जाता है।

 

अध्यक्षता कर रहे डॉ. नारायण मूर्ति ओझा ने कहा कि पंडित जी का जीवन आज के नेताओं के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने सभी धर्मों, पंथों और सम्प्रदायों का सम्मान किया और जनता की पीड़ा को अपनी पीड़ा समझा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और चंदौली का उत्थान पंडित जी के बताए रास्ते पर चलकर ही संभव है। इस मौके पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और कांग्रेसजन मौजूद रहे। इनमें देवेंद्र प्रताप सिंह, रामजी गुप्ता, बृजेश गुप्ता, डॉ. राजेश कुमार चौधरी, विजय त्रिपाठी, आनंद शुक्ला, मधुराय भूपेंद्र प्रताप सिंह, नवीन सिंह, हीरालाल शर्मा, धनंजय सिंह, रजनीकांत पांडेय, प्रदीप पांडेय, दिनेश चंद्र, असगर मिर्जा, शमशेर अली, राजेंद्र गौतम, गंगा प्रसाद, सतीश बिंद, शाहिद तौसीफ, दयाराम पटेल सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया।

Back to top button