
चंदौली। चकिया कोतवाली के बैरी मोड़ के पास स्थित अंग्रेजी कंपोजिट शराब की दुकान पर मिलावटखोरी की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। एसडीएम के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम तथा कोतवाली पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर दुकान को सीज कर दिया। मौके से सेल्समैन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक चकिया अर्जुन सिंह ने बताया कि सूचना मिल रही थी कि दुकान का सेल्समैन पास के ही एक कमरे में शराब की बोतलों में मिलावट कर रहा है। आरोप है कि एक सीसी के बदले तीन सीसी तैयार की जा रही थी, जिससे उपभोक्ताओं को ठगा जा रहा था। इस बात की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने विरोध जताया और हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित कमरे की जांच की। प्राथमिक जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर दुकान को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। सेल्समैन को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी वअवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

