
चंदौली। सकलडीहा के लापता व्यापारी को पुलिस ने एक सप्ताह बाद रहस्यमय तरीके से बबुरी क्षेत्र से बरामद किया। वह बुधवार की रात चकिया मार्ग सड़क पर पड़ा था। हाथ-पैर बंधे थे और रो रहा था। उधर से गुजर रहे किसी वृद्ध की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस घरवालों को सूचित करने के साथ ही व्यापारी से पूछताछ कर रही है।
सकलडीहा कस्बा निवासी प्रेमशंकर रस्तोगी का पुत्र सुमित रस्तोगी लगभग एक सप्ताह से घर से तगादा करने के लिए निकला, लेकिन वापस नहीं आया। इससे परिजन परेशान हो गए थे। पुलिस लापता व्यापारी की तलाश कर रही थी, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस पर व्यापार मंडल ने आंदोलन की चेतावनी दी थी। बुधवार की देर रात लगभग बारह बजे वह बबुरी क्षेत्र में चकिया मार्ग पर सड़क पर पड़ा था। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक उसके हाथ-पैर बंधे थे और वह रो रहा था। किसी वृद्ध की नजर उस पर पड़ी तो डायल ११२ पर फोनकर पुलिस को सूचना दी। पीआरबी ने उसे बरामद किया। इसके बाद बबुरी थाने ले आई। पुलिस ने व्यापारी से उसके घरवालों का नंबर लेकर सूचित किया। वहीं पूछताछ कर रही है। सूत्रों की मानें तो व्यापारी बार-बार अपने बयान बदल रहा है। वह अपने लापता होने के पीछे जो कहानी बता रहा, वह पुलिसवालों को पच नहीं रही है।