ख़बरेंचंदौली

दिव्यांगजनों के लिए अच्छी खबर : चंदौली में 28 जुलाई से ब्लॉक स्तर पर लगेंगे चिह्नांकन शिविर, निःशुल्क मिलेंगे कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण

चंदौली। जनपद के दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 28 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक जिले के सभी विकास खंडों में वृहद चिन्हांकन एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया जाएगा तथा उनकी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

 

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रत्नेश सिंह ने बताया कि विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक दिव्यांगजनों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कई ऐसे लोग हैं जो अब तक विभागीय योजनाओं से नहीं जुड़ पाए हैं। इस अभियान के माध्यम से उनका चिन्हांकन कर उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि वे सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

 

उन्होंने बताया कि शिविरों में पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण करने के साथ उनकी आवश्यकताओं का आकलन भी किया जाएगा। इसके आधार पर उन्हें कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

 

शिविरों का कार्यक्रम इस प्रकार निर्धारित किया गया है- 28 जुलाई को बरहनी, 30 जुलाई को चहनियां, 4 अगस्त को चकिया, 6 अगस्त को चंदौली, 10 अगस्त को धानापुर, 12 अगस्त को नौगढ़, 14 अगस्त को नियामताबाद, 17 अगस्त को शहाबगंज तथा 20 अगस्त को सकलडीहा विकास खंड परिसर में शिविर आयोजित होंगे।

 

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने सभी पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी विकास खंड में निर्धारित तिथि पर आयोजित शिविर में समय से पहुंचकर पंजीकरण कराएं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो, यूडीआईडी (UDID) कार्ड अथवा दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र तथा चालू मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!