
चंदौली। जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नसरथा गांव में मंगलवार को जंगली सूअरों के झुंड ने खेत में काम कर रहे दो मजदूरों पर हमला कर दिया। हमले में धनराज पासवान (65 वर्ष) तथा रामरति देवी (55 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक जंगली सूअरों का झुंड आ गया और उन पर हमला बोल दिया। दोनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक सूअर को मार गिराया, जिसके बाद अन्य सूअर भाग निकले। घायलों को तत्काल उपचार के लिए चकिया स्थित चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि नसरथा गांव में जंगली सूअरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कई बार वन विभाग और पुलिस से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, अन्यथा कि स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी है।

