
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संगठित तरीके से रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी युवतियों को निशाना बनाकर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देते थे, जिसके डर से पीड़ित परिवार उन्हें गहने और नकदी सौंपने को मजबूर हो जाते थे।
मामले का खुलासा तब हुआ जब धानापुर थाना क्षेत्र के प्रसादपुर गांव निवासी घनश्याम यादव ने पुलिस को लिखित तहरीर दी। उन्होंने बताया कि मोहित यादव (पुत्र शिवकुमार यादव) और नीरज यादव (पुत्र निर्गुण यादव), निवासी ग्राम बड़ी रामराज, उनकी बेटी को लगातार धमका रहे थे। आरोपियों ने उसे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे भयभीत होकर उनकी बेटी ने घर में रखे अपनी मां के आभूषण और करीब एक लाख रुपये नकद उन्हें दे दिए।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए धानापुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और जांच के बाद दोनों आरोपियों को शहीद गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली, तो उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में गहने और नकदी बरामद हुई। बरामद सामान में एक जोड़ी चांदी की पाजेब, सोने का मांग टीका, सोने की अंगूठी, चांदी की कमरबंद, दो जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, एक सोने की नथिया और एक लाख 350 रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल कीमत तीन लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्त काफी शातिर प्रवृत्ति के हैं और अपने निजी शौक पूरे करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे डराकर वसूली किए गए पैसों को मौज-मस्ती और घूमने-फिरने में खर्च करते थे, जबकि बचे हुए गहनों को बेचने की योजना बना रहे थे।
इस कार्रवाई में धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी, जिसमें उप निरीक्षक अभिराज सरोज, उप निरीक्षक विनोद यादव, उप निरीक्षक हरिशंकर सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश यादव और कांस्टेबल सुमित सिंह शामिल रहे। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।
सीओ ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर चलाई जा रही अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।

