ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: छात्रों ने देखी रेलवे की विरासत, वर्ल्ड हेरिटेज डे पर डीडीयू मंडल की पहल

नई पीढ़ी को धरोहर संरक्षण का दिया संदेश

  • नई पीढ़ी को धरोहर संरक्षण का दिया संदेश

चंदौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में शनिवार को वर्ल्ड हेरिटेज डे के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यांत्रिक विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं सहित अन्य को भारतीय रेल की ऐतिहासिक धरोहरों, विकास यात्रा और उनके संरक्षण के महत्व से परिचित कराना था।

इसमें स्थानीय रामकृष्ण इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं व उपस्थित अन्य को मंडल क्षेत्र स्थित रेलवे की विरासत संरचनाओं व प्रदर्शित सामग्रियों का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर अप्रयुक्त एक सदी से अधिक पुराने फुट ओवर ब्रिज के संरक्षित हिस्से का अवलोकन किया। उन्हें इस प्रकार की संरचनाओं की उपयोगिता और रेलवे व्यवस्था में उनकी भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई।

छात्रों ने स्टेशन के परिसंचरण क्षेत्र में स्थापित विरासत रेल इंजन को भी देखा। उन्हें भारतीय रेल के भाप इंजन से लेकर वंदे भारत ट्रेन तक के विकास क्रम, पूर्व समय में उपयोग की जाने वाली तकनीकों और रेल परिवहन में समय-समय पर हुए बदलावों के बारे में अवगत कराया गया।

इसके उपरांत विद्यार्थियों ने मंडल कार्यालय परिसर स्थित प्रदर्शनी केंद्र का भ्रमण किया, जहां पूर्व में उपयोग किए जाने वाले रेलवे उपकरण, औजार, मशीनरी के पुर्जे और अन्य तकनीकी सामग्रियों का अवलोकन कराया गया। विद्यार्थियों ने रुचि के साथ इन सामग्रियों को देखा और जानकारी प्राप्त की। डीडीयू मंडल की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम नई पीढ़ी को भारतीय रेल की समृद्ध विरासत से जोड़ने और संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक कदम है।

Back to top button
error: Content is protected !!