ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: गेहूं क्रय केंद्र न खुलने से नाराज किसानों ने किया प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

चंदौली। बरहनी ब्लॉक के अरंगी ग्राम सभा में गेहूं खरीद को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को दर्जनों किसानों ने सरकारी क्रय केंद्र न खुलने के विरोध में प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। किसानों का कहना है कि समय पर खरीद शुरू न होने से उनकी मेहनत पर पानी फिरने की आशंका है।

 

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में करीब 500 एकड़ क्षेत्र में गेहूं की कटाई पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई सरकारी क्रय केंद्र शुरू नहीं किया गया है। परिणामस्वरूप किसानों की तैयार फसल खलिहान में खुले आसमान के नीचे पड़ी है, जहां बारिश या अन्य प्राकृतिक कारणों से खराब होने का खतरा लगातार बना हुआ है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

 

प्रदर्शन के दौरान किसान त्रिभुवन नारायण सिंह ने बताया कि वर्ष 2020-21 में धान और गेहूं की सरकारी खरीद व्यवस्थित ढंग से हुई थी, लेकिन इस वर्ष स्थिति पूरी तरह विपरीत है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, डिप्टी एआरएमओ और स्थानीय विधायक से कई बार बात की जा चुकी है। किसानों ने गोदाम और कार्यालय की व्यवस्था कराने का भी प्रस्ताव दिया, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

 

वहीं किसान गुलाब सिंह ने कहा कि गेहूं कटे हुए करीब 10 दिन हो चुके हैं, लेकिन खरीद की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द क्रय केंद्र नहीं खोला गया तो किसान उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत सिंह ने बताया कि एक सप्ताह पहले मंडी समिति के अधिकारियों और विधायक से वार्ता हुई थी, जिसमें जल्द केंद्र खुलवाने का आश्वासन मिला था। हालांकि डिप्टी एआरएमओ ने गोदाम की कमी का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसान जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराएंगे। प्रदर्शन में त्रिभुवन नारायण सिंह, बालेश्वर सिंह, अजय सिंह, राजेश पांडेय, वीरेंद्र पाल सिंह और सुजीत सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!