
चंदौली। जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान कलेक्ट्रेट और पुलिस लाइन समेत सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण किया गया। वहीं मुख्य़ालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में भव्य परेड हुई। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने परेड की सलामी ली। इस दौरान पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट और अतिउत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मचारियों और समाजसेवियों के साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया।

कैबिनेट मंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने आकाश में शांति के प्रतीक गुब्बारे छोड़कर सद्भाव और अमन का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया। वहीं मंच से परेड की सलामी ली। परेड में पुलिस के विभिन्न दलों ने सधे कदमों और अनुशासित मार्च के माध्यम से अपने शौर्य, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। गणतंत्र दिवस परेड में कुल 17 पुलिस दलों सहित अन्य विभागों के दल शामिल रहे।

परेड का संचालन क्षेत्राधिकारी नौगढ़ नामेन्द्र कुमार ने प्रथम परेड कमांडर के रूप में किया। द्वितीय परेड कमांडर उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय तथा तृतीय परेड कमांडर उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह रहे। विभिन्न टोलियों का नेतृत्व उपनिरीक्षक संतोष यादव, उपनिरीक्षक विनोद कुमार अंचल, उपनिरीक्षक आकाश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक जयकरन सरोज, उपनिरीक्षक मारकण्डेय सिंह, महिला उपनिरीक्षक अंजू यादव ने किया।

पैंथर दस्ता का नेतृत्व उपनिरीक्षक धर्मवीर, स्वान दल का मुख्य आरक्षी इन्द्रजीत बहादुर यादव, कमांडो दल क्राइम ब्रांच का निरीक्षक राम जन्म, रेडियो शाखा का उपनिरीक्षक इम्तियाज अहमद, यूपी-112 का मुख्य आरक्षी जितेन्द्र गिरी, एंटी रोमियो टीम का निरीक्षक रमेश यादव, महिला सशक्तिकरण टोली का महिला उपनिरीक्षक पूजा कौर, एएचटीयू का निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह, फील्ड यूनिट का उपनिरीक्षक महफूज खां तथा अग्निशमन दल के प्रभारी एफएसएसओ मुन्नी सिंह रहे। पुलिस बैंड की सजीव और जोशीली धुनों ने परेड को और भी प्रभावशाली बना दिया।

इसके अतिरिक्त चिकित्सा विभाग, पंचायती राज विभाग, बाल विकास परियोजना, महिला कल्याण, शिक्षा, कृषि, जल, ग्राम विकास एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित भव्य झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में विधायक सुशील सिंह, जिला जज दिवाकर चतुर्वेदी, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस), विभिन्न क्षेत्राधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इन्हें मिला पदक
गणतंत्र दिवस के अवसर पर गृह मंत्रालय की ओर से पुलिस बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए अति उत्कृष्ट सेवा पदक एवं उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। साथ ही पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र द्वारा सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। इनमें 37 पुलिसकर्मी, 19 चौकीदाद, 11 सराहनीय कार्य करने वाले गोताखोर तथा पुलिस को सहयोग प्रदान करने वाले एक सम्मानित नागरिक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अति उत्कृष्ट सेवा पदक
उपनिरीक्षक राधा कृष्ण यादव, सुरेश प्रकाश सिंह, ताराचन्द सिंह, रामसेवक यादव, नमोनारायण राय, विनोद यादव, बृजेश कुमार मिश्र, हरिमोहन राम, कृपाशंकर यादव, चन्द्रेश्वर सिंह, यशवन्त सिंह, वरिन्द्र प्रताप राम, राजेश कुमार, कौशल कुमार यादव, सभाजीत यादव, विनोद कुमार पाण्डेय, मुख्य आरक्षी रामकेश, शिवजोर, पद्मदेव पाण्डेय, संतोष कुमार चौबे, सूर्यप्रकाश, रामसिंह राम, ज्ञान सिंह, प्रधान परिचालक सुभाष लाल को प्रदान किया गया।

उत्कृष्ट सेवा पदक
निरीक्षक गगनराज सिंह, विमलेश कुमार मौर्य, किशोर कुमार चौबे, मुख्य आरक्षी रामदयाल यादव, मूलचन्द यादव, दिनेश यादव, संदीप कुमार पाण्डेय, दयाराम यादव, महेश प्रताप सिंह, संदीप आनन्द, नारायण दत्त यादव, मो. इस्माइल, मो.शाहिद हाशमी, अमर चन्द्र आदिवासी, रामतीर्थ को प्रदान किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र का सराहनीय सेवा पदक मुख्य आरक्षी भुनेश्वर सिंह और बच्चा सिंह को प्रदान किया गया।

डीएम ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना पढ़ाकर शपथ दिलाई। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी भारत के इतिहास का एक गौरवशाली दिन है, जब देश ने अपना संविधान अपनाकर स्वयं को एक संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को माला, शाल एवं मिठाई भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना गया। जिलाधिकारी ने उनके योगदान को नमन करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का मार्ग दिखाता है तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
देखिये तस्वीरें ……











