
चंदौली। जिले के धानापुर कस्बे में जहरीले सांप के काटने से तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह नरौली गंगा घाट पर मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
धानापुर कस्बा निवासी पवन सेठ का तीन वर्षीय पुत्र रघुनाथ सेठ मंगलवार रात करीब नौ बजे अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान घर के पास रखे कबाड़ के ढेर में छिपे एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटते ही बालक की तबीयत बिगड़ने लगी और वह कुछ ही देर में अचेत हो गया।
शुरुआत में परिजनों को लगा कि किसी विषैले कीड़े या अन्य जीव ने काट लिया है। हालांकि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर स्पष्ट हुआ कि बालक को सांप ने डसा था। इसके बाद परिजन बिना देर किए उसे स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
परिजन तत्काल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के इस बयान के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की मां अनामिका सेठ, दादा श्यामनारायण सेठ, बड़े पापा विष्णु सेठ समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रघुनाथ की लगभग छह वर्षीय बड़ी बहन कुहू भी भाई की मौत से गहरे सदमे में है।
विष्णु सेठ ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सपेरे को बुलाया गया। काफी प्रयास के बाद सांप को पकड़ लिया गया और उसे आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया गया। बुधवार सुबह नरौली गंगा घाट पर परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

