ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पुलिस के हत्थे चढ़ा 25 हजार का इनामी, काफी दिनों से थी तलाश

चंदौली। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चोरी के एक मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से नकदी और बाइक भी बरामद की गई।

 

पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिए दिए गए आदेशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चंदौली विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। सदर कोतवाली पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर शातिर चोर कटसीला सर्विस लेन के पास से 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त दीपक बिन्द पुत्र गुड्डू बिन्द, निवासी खेदन पुरवा सुरहा, थाना अदलहाट, जनपद मिर्जापुर को गिरफ्तार किया।

 

गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 1600 रुपये नकद तथा एक बाइक बरामद की गई। अभियुक्त के विरुद्ध थाना चंदौली में दर्ज मु0अ0सं0 42/25 धारा 305 बीएनएस के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने 20 फरवरी 2025 की रात अपने साथियों कौशिक बिन्द और रोहित कुमार मौर्य के साथ मिलकर पंचायत भवन पड़या से कंप्यूटर सेट, इनवर्टर, सीसीटीवी कैमरा, लैपटॉप, प्रिंटर समेत अन्य सामान चोरी किया था। चोरी किए गए सामान का कुछ हिस्सा बेच दिया गया था, जबकि शेष सामान मुगलसराय में इकट्ठा किया गया था, जहां पुलिस ने उसके साथी कौशिक समेत अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

 

अभियुक्त ने बताया कि चोरी से प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लिया गया था, जिसमें उसके हिस्से में 6 हजार रुपये आए थे। अधिकतर धनराशि खर्च हो चुकी है और फिलहाल उसके पास 1600 रुपये शेष बचे थे, जो पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त दीपक बिंद का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ थाना मुगलसराय, सैयदराजा और चंदौली में चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह, उप निरीक्षक मोहम्मद असलम और हेड कांस्टेबल सतीश चन्द यादव शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!