
चंदौली। शहाबगंज में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने जागरुकता अभियान चलाया। थाना शहाबगंज की प्रभारी निरीक्षक प्रियंका सिंह ने पुलिस टीम और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बाजार क्षेत्र का दौरा कर व्यापारियों से संवाद किया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के दौरान व्यापारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि वे अपनी दुकानों के सामने किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने से बचें। पुलिस ने बताया कि ऐसे अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए पुलिस ने यातायात को सुचारु बनाए रखने में भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से सभी दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सकेगी और किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
इस जागरुकता अभियान में व्यापार मंडल के कई प्रमुख सदस्य, जिनमें अजय जायसवाल, सुरेंद्र मोदनवाल, महमूद आलम, कुंदन चौहान, तस्लीम, राजकुमार जायसवाल, रज्जलु, सोनू जायसवाल और सतेन्द्र साहनी शामिल रहे, ने सक्रिय भागीदारी निभाई और पुलिस के प्रयासों का समर्थन किया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव, रामचंद्र शाही, शिवपूजन सिंह, राजेंद्र सिंह, संतोष सिंह, कमलाकांत, हेड कांस्टेबल बालकृष्ण मौर्य, सुरेश सिंह और महिला कांस्टेबल नीतू भारती सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

