
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने रविवार को औरवाटांड़ जलप्रपात और छानपातर दरी का भ्रमण किया। इस पर्यटन स्थल को विकसित करने , सैलानियों को सुरक्षा व्यवस्था व महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने, पर्यटकों के खानपान, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं को और भी बेहतर व सुविधाजनक बनाने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि नौगढ़ इलाके में स्थित यह स्थल अब पिकनिक और एडवेंचर के लिए सैलानियों की पहली पसंद बन रहा है। उन्होंने पर्यटक क्षेत्र के रूप में जलप्रपात को विकसित करने के लिए पहल की है। जिलाधिकारी ने बताया कि इसी के तहत पर्यटन विभाग और वन निगम की ओर से विभिन्न निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने डीएफओ को झरने के किनारे रेलिंग सहित अन्य सुरक्षा की दृष्टि से कार्य करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पर्यटन की दृष्टि से कार्य कराने के लिए डीएफओ व पर्यटन अधिकारी से सुझाव मांगा। कहा कि जिले में औरवाटांड़ और छानपातर दरी जल प्रपात पर पयर्टन क्षेत्र के रूप में और बेहतर विकसित करने की योजना पर कार्य किया जाएगा। जल्द ही सभी जगहों पर आधुनिक सुविधाओं को बहाल किया जाएगा , ताकि अधिक से अधिक पर्यटक इस क्षेत्र की खूबसूरती का आनंद ले सकें।




