
चंदौली। जिले में रसोई गैस की संभावित कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में तेल कंपनियों के अधिकारियों और एलपीजी गैस वितरकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने बताया कि एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। वहीं अधिकारी फील्ड में भ्रमण कर नजर रखेंगे। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संयम बनाए रखने की अपील की।

बैठक में भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम तथा इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने जानकारी दी कि जिले में गैस की सप्लाई नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी अधिकृत गैस वितरकों को उनकी मांग के अनुरूप समय-समय पर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बैठक में मौजूद गैस वितरकों ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि वर्तमान में जिले में गैस की उपलब्धता पर्याप्त है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान कहा कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर सोशल मीडिया पर गैस की कमी से संबंधित भ्रामक और अपुष्ट सूचनाएँ प्रसारित की जा रही हैं। इससे आम नागरिकों के बीच अनावश्यक भ्रम और घबराहट का माहौल बन रहा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है, इसलिए किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वाले, गैस की जमाखोरी करने वाले अथवा कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता को देखते हुए लोग अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर की बुकिंग न करें और न ही घरों में गैस सिलेंडरों का भंडारण करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग, अनधिकृत भंडारण या अवैध वितरण नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी गैस वितरकों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें और वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखें। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को एलपीजी गोदामों, वितरण केंद्रों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तलाशी और जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से संयम बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की घबराहट की जरूरत नहीं है। साथ ही चेतावनी दी कि इस संबंध में अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और गैस वितरक मौजूद रहे।

