ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंदौली में पति ने पत्नी की रॉड से पीटकर कर दी हत्या, शव को जंगल में फेंका, गिरफ्तार, घटना की जांच में जुटी पुलिस

चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया खुर्द गांव में आपसी विवाद में पति ने पत्नी की रॉड से पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव ले जाकर जंगल में फेंक दिया। मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। वहीं घटना की छानबीन में जुटी है।

 

सोनी खरवार की शादी बिछिया निवासी गौतम खरवार के साथ 2020 में हुई थी। पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में आकर गौतम खरवार ने रॉड से प्रहार किया। गंभीर चोट लगने की वजह से पत्नी की मौत हो गई।

 

हत्यारोपी पति ने खुद को बचाने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। उसने पत्नी के शव को किसी चार पहिया वाहन में डालकर नौगढ़ के जंगल में ले जाकर फेंक दिया। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सोनी के मायके पक्ष के लोग उससे कई दिनों तक संपर्क नहीं कर पाए। लगातार फोन करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।

 

चिंतित परिजन सीधे सदर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बिछिया खुर्द गांव पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में ही इस जघन्य हत्या का पर्दाफाश हो गया। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच शादी के बाद से ही संबंध सामान्य नहीं थे और अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था।

 

पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। साथ ही पुलिस की टीमें जंगलों में शव की तलाश में जुटी रही। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

 

सीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि बिछियां गांव में पति ने पत्नी की हत्या कर दी है। इस पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पति से पूछताछ की। उसने हत्या की बात स्वीकार की। उसे हिरासत में ले लिया गया। घटना की छानबीन की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!