
चंदौली। थाना चंदौली पुलिस और स्वाट/SOG टीम की संयुक्त कार्रवाई में हाईवे पर चेकिंग के दौरान करीब 3.92 करोड़ रुपये कीमत का सोना बरामद किया गया। पुलिस ने सोने की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 565.720 ग्राम पीली धातु (सोना), पांच मोबाइल फोन और एक KIA Carens कार बरामद हुई है। सोना वाहन के गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए विशेष बॉक्स में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस के अनुसार, स्वाट/SOG प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव और थाना चंदौली के प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर पाण्डेय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की KIA Carens कार संख्या HR22W2830 से दो व्यक्ति बिहार की ओर से सोना लेकर दिल्ली की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर नवही पुलिया हाईवे पर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई।
इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन को किनारे से निकालकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम जुबेर मुबारक शेख निवासी शांगली, महाराष्ट्र और उसके साथ बैठे व्यक्ति ने मनीष कुमार निवासी फतेहाबाद, हरियाणा बताया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने पूछताछ में वाहन के गियर बॉक्स के नीचे बने बॉक्स में सोना छिपाकर दिल्ली ले जाने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर बॉक्स खोलने पर कपड़े के लंबे बेल्ट में भूरे रंग के सेलो टेप से लिपटी दो सिल्लियां बरामद हुईं।
बरामद धातु की जांच और वजन आयकर विभाग तथा राजस्व आसूचना विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में कराया गया। वजन 2 किलो 565.720 ग्राम निकला और सरकारी वैल्यूअर ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 3.92 करोड़ रुपये बताई। आयकर विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में सोना विदेश में निर्मित बताया गया है। पुलिस ने बरामद सोना नियमानुसार राजस्व आसूचना विभाग को सुपुर्द कर दिया है।

