ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में पकड़ा गया 600 किलो गोमांस, कार में भरकर बिहार से वाराणसी ले जा रहे थे तस्कर, एक गिरफ्तार, दो फरार

चंदौली। अलीनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान इनोवा कार से 600.5 किलोग्राम गोमांस बरामद किया है। पुलिस ने मौके से बिहार निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य लोग भागने में सफल रहे। वाहन से दो चापड़ भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद मांस का पशु चिकित्साधिकारी से प्रारंभिक परीक्षण कराया गया, जिसमें प्रथम दृष्टया गोमांस होने की बात कही गई। नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे।

 

प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम सिंधीताली पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इनोवा वाहन संख्या यूपी 65 बीटी 5561 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि चालक ने वाहन पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने की कोशिश की। इसी दौरान इनोवा डिवाइडर से टकराकर रुक गई। वाहन से चालक और पीछे बैठा एक व्यक्ति उतरकर भाग निकले, जबकि चालक के बगल में बैठे व्यक्ति को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

बिहार का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान फैयाज कुरैशी (45) पुत्र मोहम्मद इस्लाम कुरैशी, निवासी बेलौड़ी पंचायत, थाना मोहनियां, जिला कैमूर-भभुआ, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 600.5 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस और दो चापड़ मिले। पशु चिकित्साधिकारी ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक परीक्षण किया। इसके बाद आवश्यक नमूने लेकर नियमानुसार सील किए गए।

 

बिहार से वाराणसी लाकर बेचते थे तस्कर

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वे बिहार में गोवंश काटकर मांस तैयार करते हैं और उसे वाहन से वाराणसी लाकर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचते हैं। पुलिस ने इस संबंध में अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 640/2026 दर्ज किया है। इसमें गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/5बी/8, आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 और भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 109(1)/3(5) शामिल हैं।

 

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अमित सेन सिंह, अनिल कुमार यादव सहित अलीनगर थाने की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। बरामद मांस की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद होगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!