ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: अमड़ा बिजली उपकेंद्र जाने से पहले पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू हाउस अरेस्ट, पावर हाउस से आवास तक पुलिस का कड़ा पहरा

चंदौली। बरहनी क्षेत्र स्थित अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पर किसानों की बिजली और सिंचाई संबंधी समस्याओं को लेकर प्रस्तावित आंदोलन से पहले सोमवार को जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को उनके सैयदराजा स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया गया। उनके आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। वहीं अमड़ा पावर हाउस से लेकर उनके आवास तक पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

 

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की है। मौके पर दो क्षेत्राधिकारी (सीओ), तीन नायब तहसीलदार तथा आठ थानों की पुलिस फोर्स लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन पहले ही प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर चुका था। इसके बावजूद आंदोलन की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

 

नजरबंद किए जाने के बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि प्रशासन किसानों की बिजली और सिंचाई की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विपक्षी नेताओं को रोकने में जुटा हुआ है।

 

मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान क्षेत्र के पंप कैनालों के लिए अलग और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की गई थी, जिससे किसानों को सिंचाई में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती थी। उनका आरोप है कि वर्तमान व्यवस्था में गांवों की सामान्य बिजली लाइन को पंप कैनाल की लाइन से जोड़ दिए जाने के कारण न तो गांवों को नियमित बिजली मिल रही है और न ही पंप कैनाल सुचारु रूप से संचालित हो पा रहे हैं, जिससे किसान गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं।

 

पूर्व विधायक ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिकारी उनके आवास पर आकर किसानों की समस्याओं के समाधान की समयसीमा लिखित रूप में दे दें तो वह अमड़ा पावर हाउस नहीं जाएंगे। अन्यथा, उन्होंने कहा कि उन्हें कोई भी रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि किसानों को पर्याप्त बिजली और सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में स्थिति पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!