
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मठिया गांव के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक संदीप निषाद की मौत हो गई। युवक की बाइक सड़क किनारे झाड़ियों में छिपे शीशम के पेड़ के सूखे तने से टकरा गई। इसके चलते गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पूराविजयी गांव निवासी संदीप निषाद अपने एक साथी के साथ बाइक से गैस सिलेंडर लेकर टांडा बाजार की ओर से लौट रहा था। मठिया गांव के समीप पहुंचने पर सड़क किनारे झाड़ियों में छिपे एक पेड़ के मोटे तने से उनकी बाइक अचानक टकरा गई। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले आए तूफान में शीशम का पेड़ सड़क पर गिर गया था। बाद में रास्ता साफ करने के लिए पेड़ को बीच से काट दिया गया, लेकिन उसका भारी तना सड़क की ओर ही लटका रह गया।
झाड़ियों और सरपत से ढके होने के कारण यह खतरनाक तना दूर से दिखाई नहीं देता था। जैसे ही सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के लिए संदीप ने बाइक मोड़ी, वह उसी तने से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पीछे बैठा युवक बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत संदीप को टांडा बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे वाराणसी ले गए, जहां अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संदीप के पिता विजय निषाद के तीन पुत्र हैं। बड़ा बेटा विदेश में नौकरी करता है, जबकि संदीप मंझला था और घर पर रहकर पढ़ाई कर रहा था। सबसे छोटा बेटा भी अभी परिवार के साथ ही है। बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि सड़क पर लटके इस खतरनाक तने को हटाने के लिए कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसे हटाया गया होता तो एक युवक की जान बच सकती थी। अब ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

