ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : अलीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, झारखंड से वाराणसी ले जाया जा रहा 30.5 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

चंदौली। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अलीनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक महिन्द्रा XUV500 वाहन से झारखंड से वाराणसी ले जाया जा रहा 30.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। वाहन में सवार दो अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

एसपी आदित्य लांग्हे की ओर से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) तथा क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अलीनगर अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

 

पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड से अवैध गांजा लेकर एक वाहन वाराणसी की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पचफेड़वा रिंग रोड पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान महिन्द्रा XUV500 (वाहन संख्या OD 02 C 3655) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन की पीछे की सीट के नीचे बने विशेष रैक से 31 बंडलों में रखा कुल 30.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

 

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गोविन्द कुमार सिंह पुत्र श्रीनिवास सिंह निवासी सतवाहिनी रोड नं. 01, गम्हरिया सेराय केला खरसावां, थाना आदित्यपुर, जनपद सरायकेला-खरसावां (झारखंड) और हिमांशु पुत्र हरिशंकर ठाकुर निवासी डीटी 1943 पंचवटी फील्ड, थाना धुर्वा, जनपद रांची (झारखंड) के रूप में हुई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अभियुक्त वाहन की असली पहचान छिपाने के लिए गलत नंबर प्लेट लगाकर गांजे की तस्करी कर रहे थे। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे यह गांजा जमशेदपुर-रांची क्षेत्र से वाराणसी में बेचने के उद्देश्य से ला रहे थे।

 

बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 48/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट व 318(4)/319(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय सहित अलीनगर पुलिस टीम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!