
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के लाल बहादुर शास्त्री कटरा में सोमवार देर शाम एक महिला का डेढ़ वर्षीय पुत्र अचानक लापता हो गया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डायल-112 और मुगलसराय कोतवाली पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और महज एक घंटे के भीतर मासूम को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
महिला अपने तीन बच्चों के साथ लाल बहादुर शास्त्री कटरा स्थित एक मोबाइल दुकान पर सिम कार्ड खरीदने गई थी। इसी दौरान उसके तीन बच्चों में से डेढ़ वर्षीय देवांश अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मुगलसराय के थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए खोज अभियान शुरू कराया। उनके नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें रेलवे स्टेशन, बाजार, आसपास के मोहल्लों और संभावित स्थानों पर रवाना की गईं। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
थानाध्यक्ष की निगरानी में मुगलसराय, अलीनगर और बबुरी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप करीब एक घंटे के भीतर मासूम देवांश को अमोघपुर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
मामले में पुलिस ने अमोघपुर निवासी अर्जुन पुत्र अलगू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्चा उसके घर तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं, इसकी गहन जांच की जा रही है। मासूम के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

