ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चकिया क्षेत्र में पहाड़ पर चल रहा था जुए का अड्डा, पुलिस ने दबिश देकर छह को दबोचा

चंदौली। अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम फत्तेपुर स्थित पहाड़ी के पीछे संचालित एक संगठित जुए के अड्डे पर छापेमारी कर छह जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से नकदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन तथा कई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

 

पुलिस के अनुसार 30 मई को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फत्तेपुर गांव के समीप पहाड़ी क्षेत्र में अचानक छापेमारी की। वहां सार्वजनिक स्थान पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेला जा रहा था। पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि छह अभियुक्तों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

 

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमलेश कुमार निवासी विक्सी थाना अदलहाट, निखिल पटेल निवासी रामलक्ष्मणपुर थाना चकिया, शुभम गिरी निवासी टेढ़वा थाना अदलहाट, वकील बिन्द निवासी धोबही थाना अदलहाट, रामबली निवासी नन्दपुर थाना जमालपुर तथा रमेश जायसवाल निवासी खजुरौल थाना अदलहाट के रूप में हुई है।

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मालफड़ से 19,600 रुपये तथा अभियुक्तों की जामा तलाशी से 1,470 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा 52 ताश के पत्ते, छह मोबाइल फोन और मौके पर खड़ी आठ मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। कुल बरामद नकदी 21,070 रुपये बताई गई है।

 

इस मामले में थाना चकिया पर सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा संख्या 145/2026 दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मौके से फरार हुए अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के साथ उपनिरीक्षक अनिरुद्ध सिंह तथा थाना चकिया के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!