fbpx
चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

चंदौलीः राज्य सभा सांसद चुने जाने के बाद दर्शना सिंह के प्रथम जनपद आगमन को यादगार बनाने में जुटे भाजपाई, कुछ ऐसी है तैयारी

चंदौली। जिले की पहली राज्य सभा सांसद दर्शना सिंह 19 जून को चंदौली आ रही हैं। राज्य सभा सदस्य चुने जाने के बाद पहली दफा जनपद आगमन पर उनके जोरदार स्वागत की तैयारी हैै। ढाई बजे भाजपा जिला कार्यालय पर स्वागत सम्मान समारोह आयोजित किया गया है।

जिला मिडिया प्रभारी शिवराज सिंह ने बताया कि राज्य सभा सदस्य दर्शना सिंह 19 जून को 11ः 50 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद सड़क मार्ग से पड़ाव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल पहुंचकर माल्यार्पण करेंगी। तत्पश्चात 2ः 30 बजे भाजपा कार्यालय पर आयोजित सम्मान समारोह में भाग लेंगी। इसके पूर्व कार्यकर्ता उनका जगह-जगह स्वागत सत्कार करेंगे। दर्शना सिंह का राज्य सभा सदस्य चुना जाना जिले के लिए भी गौरव की बात है।

दर्शना सिंह चंदौली की पहली राज्य सभा सदस्य
दर्शना सिंह चंदौली की पहली महिला नेता हैं जो राज्यसभा सदस्य के तौर पर जिले का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इसके पहले जब चंदौली वाराणसी का हिस्सा हुआ करता था लोकप्रिय नेता कमलापति त्रिपाठी राज्य सभा सदस्य रहे। इसके अतिरिक्त चकिया के रत्नाकर पांडेय और सुधाकर पांडेय को भी राज्य सभा जाने का मौका मिला था। सुधाकर पांडेय 1980 से 1986 तक राज्यसभा सांसद रहे। सकलडीहा बट्ठी के श्यामलाल यादव भी राज्य सभा सदस्य रह चुके हैं। वे राज्य सभा में उप सभापति भी रहे। वाराणसी से अलग होने के बाद चंदौली से किसी को भी राज्य सभा में जाने का मौका नहीं मिला था। दर्शना सिंह के राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद यह क्रम टूटा है। दर्शना सिंह का मायका जौनपुर है जबकि ससुराल चंदौली के धीना क्षेत्र के चखनियां में है।

Back to top button