
चंदौली। मंडी समिति के पास माधोपुर में गुरुवार को अयोजित पीएम नरेंद्र मोदी की जनसभा में बीजेपी कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए। महिलाओं के लिए बनी दीर्घा में बैठने को लेकर शुरू हुए विवाद में हाथापाई की नौबत आ गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ। घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हालांकि उस दौरान प्रधानमंत्री नहीं आए थे।
दरअसल कुछ कार्यकर्ता महिला दीर्घा में घुसने लगे तो बीजेपी के ही कुछ कार्यकर्ताओं ने टोकाटोकी शुरू की। विवाद बढ़ गया। कार्यकर्ताओं ने महिला दीर्घा में बैठे लोगों को हटने को कहा। इसी बात पर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते हाथापाई भी होने लगी। कुछ कार्यकर्ता कुर्सी उठाकर एक दूसरे पर फेंकने लगे। मंच संचालक ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन नहीं माने। अंत मे पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाकरकिसी तरह मामले को शांत कराया।