
चंदौली। भाजपा ने लंबे सस्पेंस के बाद जिले की विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। सैयदराजा से वर्तमान विधायक सुशील सिंह व सकलडीहा विधानसभा सीट से सूर्यमुनी तिवारी पर दोबारा भरोसा जताते हुए पार्टी ने टिकट दिया है। इससे प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी का माहौल है। हालांकि पार्टी ने अभी तक मुगलसराय व चकिया सुरक्षित विधानसभा सीट पर अपने पत्ते नहीं खोले हैं। अगले एक-दो दिनों में इन सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा होने की उम्मीद है।
पार्टी की ओर से रविवार की शाम 45 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। इसमें जिले की सैयदराजा व सकलडीहा विधानसभा सीट शामिल है। इन दोनों सीटों पर बदलाव करने की बजाए संगठन ने सुशील व सूर्यमुनी पर दोबारा दाव लगाया है। 2017 के विधानसभा चुनाव में भी सैयदराजा से सुशील सिंह व सकलडीहा से सूर्यमुनी तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया था। सुशील सिंह ने बसपा के विनीत सिंह को मात देते हुए विधायक की कुर्सी पर कब्जा जमाया था, जबकि सूर्यमुनी तिवारी को सपा के प्रभुनारायण यादव से मात खानी पड़ी थी। ऐसे में सकलडीहा सीट पर इस बार बदलाव की उम्मीद जताई जा रही थी। कई संभावित उम्मीदवारों ने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी थी, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह की ओर से जारी 45 प्रत्याशियों की सूची से उनका नाम गायब होने से मायूसी हाथ लगी है। वहीं टिकट पाने वालों के खेमे में खुशी का माहौल है।